
नई दिल्ली
उत्तर भारत मौसम: देश के कई हिस्सों में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच लखनऊ में छाया घना कोहरा (बाएं) और दिल्ली में सर्दी से कांपता साइकिल सवार बुजुर्ग।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि नए साल पर पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में होगा। विभाग का दावा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण एकाएक पारे में यह गिरावट दर्ज की जाएगी। इस कारण साल के पहले दिन से ही दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिलेगा। चार जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा हो सकता है। दिल्ली में 15 दिन में पहली बार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दहाई अंक तक पहुंच गया, लेकिन यह राहत जल्द ही खत्म होने का अनुमान जताया गया है। राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, बुधवार को 6.3 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 5.6 डिग्री और सोमवार को पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही नए साल की पूर्व संध्या पर दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत लहर और तेज ठंड की स्थिति बन सकती है तथा जनवरी की शुरुआत में ठंड और तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को पारा छह डिग्री सेल्सियस और सोमवार (2 जनवरी) तक चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद। एक से 4 जनवरी तक दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने और शीतलहर चलने का अनुमान है।