
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से बड़ी खबर आ रही है। आज सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे 35 से 40 मजदूर घायल हो गए। हादसे में एक गर्भवती महिला मजदूर की मौत हो गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार हरदी निवासी एक किसान अपनी खेत की रोपाई कराने के लिए पास के गांव सरवानी से मजदूरों को बुलाया था। सुबह करीब 50 मजदूर ट्रैक्टर में धान की रोपाई के लिए थरहा लेकर निकले थे। सभी ट्रैक्टर में सवार थे।
बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में मजदूरों की संख्या अधिक थी। बारिश के चलते सड़क किनारे गड्ढे और कीचड़ में वाहन का बैलेंस बिगड़ गया और पलट गया, जिसके बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 से 40 मजदूर घायल हो गए। उन्होंने प्राथमिक और बिल्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं, करीब दर्जन भर मजदूरों को सिम्स में भर्ती कराया गया है।
गर्भवती महिला मजदूर की मौत
ट्रैक्टर में पुरुष और महिला मजदूर सवार थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। सरवानी की रहने वाली लक्ष्मी बाई केंवट (22) पति राजेंद्र केंवट को गंभीर हालत में सिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीन बाई गर्भवती भी थी।