
नई दिल्ली. कांग्रेस पार्टी ने मणिपुर हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि हत्याओं को रोकने में स्थानीय सरकार पूरी तरह से विफल रही है। इसे रोकने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को मणिपुर में हो रही हत्याओं के लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”मणिपुर में मानवता की आवाज डूब गई है। मोदी सरकार पूर्वोत्तर भारत को लेकर बेशर्मी से ढोल पीटती है।”
कांग्रेस ने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में विफल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा घोषित उपायों पर भी सवाल उठाया। उन्हें उपायों को लागू करने में सरकार को विफल करार दिया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और आरएसएस पर विद्रोहियों के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाते हुए खरगे ने कहा, “क्या मणिपुर में शांति बहाल करने में इसलिए विफलता मिली है क्योंकि भाजपा अपने सस्ते राजनीतिक लाभ के लिए जातीय समूहों के बीच दरार को चौड़ा करना चाहती है?”
उन्होंने आगे कहा, “एनईडीए (नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस) के अध्यक्ष और असम के सीएम के अलावा आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य द्वारा पिछले चुनाव लड़ने के लिए विद्रोही समूहों की मदद लेने की खबरें स्पष्ट रूप से ऐसा कह रही हैं।”
खरगे ने कहा, ‘मोदी जी को मणिपुर पर बैठक की अध्यक्षता करने का भी समय नहीं मिला है। अब समय आ गया है कि मोदी सरकार मणिपुर के लोगों पर किए गए उनके अपराधों की जिम्मेदारी ले और जवाबदेह बने।” उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में पीएम मोदी मूकदर्शक बने हुए हैं।
कांग्रेस की यह टिप्पणी मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं के एक दिन बाद आई है, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी।