
दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल पहुंच सकता है। अभी ये देश की समुद्री सीमा में प्रवेश कर चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) कुछ ही घंटों में इसके केरल पहुंचने की घोषणा कर सकता है। मानसून आमतौर पर 1 जून को केरल में दस्तक देता है। पिछले साल यानी 2022 में मानसून 29 मई को केरल पहुंचा था। वहीं 2021 में यह 1 जून को पहुंचा था।
रविवार को एक अलर्ट में IMD ने कहा- राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। केरल के पठानमथिट्टा और इडुक्की जिलों में भी सोमवार तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।