
नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुण्यतिथि पर आज शांति वन जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री खडगे श्री गांधी ने झमाझम हो रही बारिश की बीच पंडित नेहरू की समाधि शांतिवन जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान पार्टी कोषाध्यक्ष पवन बंसल तथा महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के कई अन्य बड़े नेता और कार्यकर्ताओं ने भी प्रथम प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
श्री खडगे ने ट्वीट कर नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा “पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से आगे बढ़ाया। ‘हिन्द के जवाहर’ को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।”
कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा “हम देश के पहले प्रधान मंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करते हैं। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जिन्होंने आर्थिक नीतियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से देश को नयी ऊंचाई प्रदान की। उन्होंने ‘आधुनिक भारत के मंदिरों’ के साथ ही आईआईटी, आईआईएम, ऐम्स, डीआरडीओ जैसे प्रतिष्ठाननों, औद्योगिक विकास से लेकर परमाणु और अंतरिक्ष अनुसंधान के द्वार देश के लिए खोले जिनके कारण भारत का कौशल बढ़ा और उसके अभूतपूर्व परिमाण सामने आये। आज हम पंडित जी की उस विरासत को संजोते हुए आगे ले जाएंगे जिसने भारत को एक अग्रणी, वैश्विक शक्ति के रूप में विश्व पटल पर लाकर खड़ा किया।”