
सरगुजा :- सरगुजा जिले में एक युवक ने सोमवार की रात अपनी दूसरी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इससे पहले उसने अपनी पहली पत्नी, फिर जेल से छूटने के बाद भाई की हत्या कर दी थी। अब वारदात के बाद फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, ग्राम पूटा के खर्राडांड में आनंद मझवार (46) ने अपनी पत्नी सुनीता मझवार (35) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर में दोनों को साथ में शराब पीकर गांव में घूमते देखा था। दोनों पति-पत्नी अलग घर में रहते थे। शाम के बाद से दोनों को किसी ने नहीं देखा था।
सुनीता मझवार को खोजते हुए एक महिला उसके घर पहुंची, तो देखा कि घर पर उसका शव पड़ा है। सूचना पर दरिमा थाना प्रभारी मनोज प्रजापति मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा किया। उसके पैर, चेहरे और पीठ पर मारपीट के कारण खून जमने के निशान मिले।
आशंका है कि अंदरुनी चोट के कारण सुनीता मझवार की मौत हुई है। थाना प्रभारी मनोज प्रजापति ने बताया कि, युवक ने यह तीसरी हत्या की है। आनंद मझवार ने करीब 12 साल पहले अपनी पहली पत्नी की हत्या की थी। जिस कारण वो करीब 5 साल जेल में रहा। वहां से छूटने के बाद उसने अपने भाई की हत्या कर दी थी। भाई की हत्या के आरोप में वो करीब 6 साल तक जेल में बंद रहा। आरोपी जेल से छूटा तो उसने सुनीता मझवार से प्रेम संबंध स्थापित कर लिया। ढुंकु प्रथा से सुनीता मझवार पत्नी बनकर आनंद मझवार के साथ रह रही थी। माना जा रहा है कि नशे में हुए विवाद के बाद आरोपी ने सुनीता मझवार की हत्या कर दी है।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से 👇
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm