
रायपुर :- छत्तीसगढ़ के मौसम का एक बार फिर मिजाज बदल रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग ने 13 मई तक राज्य में मौसम का मूड इसी तरह बने रहने की संभावना के साथ चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने राज्य में कहीं-कहीं तेज हवा, अंधड़ के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ एक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं बुंदाबांदी हुई है। इस दौरान पखांजूर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई है। इधर, बदली की वजह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी आई है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से करीब ढाई डिग्री कम है। वहीं, बिलासपुर के अधिकतम तामपान में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी आई है। आज वहां दिन का तापमान 38.6 रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान में हल्की गिरावाट आ सकती है। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बादल गरजने, वर्षा और अंधड चलने की संभावना है।
रायपुर के लिए मौसम का पुर्वानुमान :-
रायपुर में अगले चौबीस घंटो के दौरान बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।