
अप्रैल का महीना अभी आधा खत्म ही हुआ है कि गर्मी से लोगों का बाल बेहाल होने लगा है। हाल ही में मुंबई से 11 लोगों की मौत की खबरे सामने आई है, जिसमें मृत्यू की वजह हीट स्ट्रोक बताई जा रही है। देश के कई इलाकों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है। इस मौसम में लोगों को लू लगने का खतरा हो सकता है। ये तब होता है जब आपका शरीर अपने तापमान को कंट्रोल नहीं कर पाता। जब किसी को लू लगती है तो शरीर का स्वेटिंग मैकेनिज्म यानी पसीना तंत्र भी फेल हो जाता है और फिर व्यक्ति को बिल्कुल पसीना नहीं आता। हीट स्ट्रोक का समय पर इलाज ना मिले तो इससे व्यक्ति की मौत या फिर ऑर्गन फेल हो सकते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको बता रहे हैं लू लगने से बचाव के तरीके।
हीट स्ट्रोक या लू से कैसे करें बचाव
तेज धूप में बाहर ना निकलें
लू से बचाव के लिए तेज धूप में बाहर जाने से बचें। खासकर सुबह 10 बजे से 4 बजे के बीच। तेज धूप के दौरान भारी व्यायाम और खेलकूद करने से बचें। इसके अलावा, अपने शरीर को तापमान में बदलाव के साथ तालमेल बिठाने के लिए कुछ समय दें, खासकर ठंडे, एसी कमरे में रहने के बाद।
खान पान का रखें ख्याल
गर्मियों में फैट युक्त, मसालेदार और शक्कर युक्त खाने से बचें। इस तरह का खाना शरीर के तापमान को नियंत्रित करने वाली प्रणाली के कामकाज को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकते हैं।
धूप में निकलने से पहले
शरीर में फ्लूइड की मात्रा को पूरा करने के लिए सिर्फ ताजे पानी पर डिपेंड ना रहें। ठंडा दूध, नारियल पानी जैसे ड्रिंक जरूर पिएं। अगर किसी कारण से तेज गर्मी में घर से बाहर निकलना पड़े तो नींबू पानी या इलेक्ट्रॉल पीकर निकलें।
सही कपड़े पहनें
गर्मी में कम्फर्टबल कपड़े पहनना जरूरी है। धूप में निकलने से पहले कॉटन के कपड़े पहनें और फुल बाजू के कपड़े पहनें। तौलिया या सूती स्कार्फ से अपने कान जरूर कवर करके रखें। कान ढंके रहने पर शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
लू लगने पर क्या करें
लू लगने से बचाव के लिए सबसे पहले ठंडी जगह पर लेट जाएं। ध्यान रखें की एसी को बहुत तेज ना करें। शरीर को हवा लगने दें। ताजा पानी पीए और इसके अलावा इलेक्ट्रॉल घोल, नींबू पानी, सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। शरीर का तापमान नियंत्रित होने पर ताजे पानी से नहाएं।