
भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों अधिकारी- कर्मचारियों को सरकार ने बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ता में बढ़ोतरी कर दी है। कर्मचारियों को अब 42 फ़ीसदी की जगह 46 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। बता दें कि महंगाई भत्ता नहीं बढ़ने से कर्मचारी नाराज चल रहे थे और आज धरना प्रदर्शन का भी ऐलान किया था। दरअसल केंद्र के सामान 8 फीसदी महंगाई भत्ते और एरियर की मांग प्रदेश के सरकारी कर्मचारी कर रहे थे। वहीं आचार संहिता लगने से पहले कर्मचारियों को मोहन सरकार ने बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी कर दी है। महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई, 2023 से लागू होंगी। कर्मचारियों को इसका लाभ 1 मार्च, 2024 (भुगतान अप्रैल, 2024) से मिलेगा।
हालांकि अभी प्रदेश के साढ़े 4 लाख सरकारी रिटायर्ड कर्मचारियों को अभी और इंतजार करना होगा। रिटायर्ड कर्मचारियों को फ़िलहाल 38% महंगाई भत्ता मिल रहा है। वहीं सीएम डॉ मोहन यादव ने एक्स हैंडल पर इसकी सूचना पोस्ट कर कर्मचारियों को बधाई दी है।
