
बिग बॉस का 17वां सीजन अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। चार दिन बाद 17वें सीजन के विजेता का नाम सबके सामने आ जाएगा। वोट्स के आधार पर सलमान खान 28 जनवरी के दिन अंकिता लोखंडे, मुनव्वर फारुकी, अरुण माशेट्टी, मन्नारा चोपड़ा और अभिषेक कुमार में से किसी एक को बिग बॉस 17 की ट्रॉफी से सम्मानित करेंगे। इसी बीच मन्नारा चोपड़ा की टीम ने तुरुप का इक्का फेंका है।
मन्नारा के सपोर्ट में आईं प्रियंका
दरअसल, फिनाले से चंद दिन पहले मन्नारा की बहन और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर मन्नारा के लिए पोस्ट शेयर कर उन्हें सपोर्ट किया है। प्रियंका ने मन्नारा की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अपना बेस्ट दो और बाकी चीजों के बारे में भूल जाओ।’ बता दें, ये दूसरी बार है जब प्रियंका खुलेआम मन्नारा के सपोर्ट में सामने आई हैं। इससे पहले उनकी मां मधु चोपड़ा, मन्नारा के लिए पोस्ट कर चुकी हैं।
कब तक ओपन हैं वोटिंग लाइन्स?
विकी जैन के एविक्ट होने के बाद अंकिता लोखंडे, मुनव्वर फारुकी, अरुण माशेट्टी, मन्नारा चोपड़ा और अभिषेक कुमार टॉप-5 में पहुंच गए हैं। फैन पेज द खबरी के मुताबिक, लोग अपने पसंदीदा सदस्य को 28 जनवरी की रात 12 बजे तक वोट कर सकते हैं।
कौन होंगे टॉप 3 सदस्य?
कलर्स द्वारा किए गए एक पोस्ट के बाद से यह कयास लगाया जा रहा है कि अभिषेक कुमार, मुनव्वर फारुकी और मन्नारा चोपड़ा टॉप-3 में पहुंच सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी कन्फर्म नहीं हुआ है।