
दुर्ग। पतंग के चाइनीज मांझे से गला कटने से एक युवक की मौत हो गई। युवक राजनांदगांव का रहने वाला था और अपनी मौसी के घर देवबलोदा आया हुआ था। सोमवार की सुबह वो अपने चार वर्षीय मौसेरे भाई को लेकर जी केबिन की ओर जा रहा था। इसी दौरान देवबलोदा से जी केबिन के बीच मार्ग पर वो हादसे का शिकार हो गया है। गले में मांझा फंसने से उसकी गले की नस कट गई और वे दोनों बाइक समेत गिर गए। आसपास के लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया। वहां से उसे दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना जी केबिन चरोदा की है। जानकारी के अनुसार, देव बलौदा जाने वाली सड़क के पास कुछ लड़के पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान अज्जू अपनी बाइक में पीछे 5 वर्षीय विहान को बैठाकर कहीं जा रहा था। अचानक पतंग का मांझा उसके गले से फंस गया। अज्जू की बाइक आगे जाने से मांझा उसके गले में कस गया और गले को काट दिया। अज्जू लहू लुहान होकर बाइक सहित वहीं गिर गया। इससे विहान के सिर में गहरी चोट आई। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 को फोन करके बुलाया। दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्ग में डॉक्टरों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन गला अधिक कट जाने और खून बह जाने से उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पांच साल के सिहान की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।