
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है, बृजमोहन अग्रवाल को शिक्षा मंत्री बनाया गया है। राज्य बनने के बाद पहली बार स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग एक ही मंत्री को दिया गया है। छत्तीसगढ़ के सबसे सीनियर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को यह दायित्व सौंपा गया है। बीजेपी सरकार के दौरान रमन सिंह की दूसरी पारी में बृजमोहन स्कूल शिक्षा संभाल चुके हैं। बहरहाल, इसे नया प्रयोग कहा जा सकता है। केेंद्र में दोनों विभागों के एक ही मंत्री होते हैं। वहां मानव संसाधन मंत्री कहा जाता है। उनके पास स्कूल और उच्च शिक्षा दोनों ही होते हैं। स्कूल शिक्षा में बृजमोहन चूकि अनुभवी हैं इसलिए उन्हें इस विभाग के बारे में सब कुछ पता है। बृजमोहन अग्रवाल 90 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। वे मध्यप्रदेश में सुंदरलाल पटवा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उसके बाद फिर रमन सिंह सरकार में 15 साल मंत्री रहे और विभिन्न विभागों को संभाले। वे आठवीं बार विधायक चुने गए हैं। बृजमोहन अग्रवाल प्रदेश की सबसे बड़ी लीड लेकर लगातार चुनाव जीतते हुए आठवीं बार विधायक बने हैं। बृजमोहन ने प्रदेश में सर्वाधिक मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास को 67919 मतों के अंतर से हराया है।