
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद मंत्री तो बन गए हैं लेकिन मंत्रियों को किस विभाग की जिम्मेदारी दी जाएगी वह अभी तक तय नहीं हो पाया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि मंत्री बिना विभाग के इतने दिनों तक खाली बैठे हैं। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल के गठन के बाद विभागों का बंटवारा नहीं होने के मामले में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मलाईदार विभागों के लिए भाजपा में जूतम-पैजार हो रहा है। इसलिए विभागों का बंटवारा नहीं हो पा रहा है। भाजपा ने इस आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी ही पार्टी के भीतर मचे घमासान को नहीं रोक पा रही है। कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा है कि बिना विभागों के बंटवारे के भी कोई सरकार एक राय होकर जनता की सेवा का संकल्प लेकर कैसे आगे बढ़ रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा में अनिर्णय की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसलिए मंत्रिमंडल के विभागों का बंटवारा नहीं हो पा रहा है। विभागों के लिए बोलियां लगाई जा रही है। अब तो ये भी तय किया गया है संगठन का एक व्यक्ति मंत्री के साथ रखा जाएगा। रही बात नि:शुल्क राशन की तो कांग्रेस की सरकार में भी प्रदेशवासियों को नई:शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा था। केंद्र सरकार के मुफ्त राशन के अतिरिक्त कांग्रेस सरकार पांच किलो राशन देती थी। भाजपा सरकार पांच किलो चावल का नुकसान कर रही है।