
दुर्ग। दूध का सेवन हर इंसान करता है। चाहे बच्चा हो या बूढ़ा। अब अगर इसमें मिलावट हो जाये तो कितनों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ हो सकता है। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सामने आया है। यहां सिंथेटिक यानी नकली दूध बनाकर बेचने वाला आरोपी पकड़ाया है। लोगों ने नकली दूध बनाते देख आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। मामला स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भिलाई के जुनवानी क्षेत्र में स्थित ग्रीन वैली कॉलोनी में नकली दूध बनाने वाला संपत दास फ्लैट लेकर रह रहा था। वो और उसके साथी फ्लैट के अंदर ही बेकिंग सोडा, यूरिया और डिटर्जेंट की मदद से नकली दूध तैयार करते थे। दरअसल, स्थानीय लोगों को उसपर शक था कि बिना गाय, भैंस रखे वो इतना दूध लाता कहां से है। इसके बाद उन्होंने उसके ऊपर नजर रखा और फिर नकली दूध के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद लोगों ने संपत की जमकर पिटाई की। पिटाई करने के बाद स्मृति नगर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नकली दूध बनाने वाले सामान के साथ आरोपी संपत दास को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है कि उसके इस कारोबार में और कौन-कौन शामिल है।