
यूपी के बलिया में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के कार्यक्रम में बवाल हो गया। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर और कुर्सियां चली। पवन सिंह भी एक पत्थर लगने से चोटिल हो गए। भगदड़-तोड़फोड़ में कुर्सियां टूट गई। पुलिस ने लाठी भांजकर उपद्रवियों को खदेड़ा। बताया जाता है कि एक गाने की फरमाइश को लेकर बवाल हुआ। भीड़ में से एक दर्शक ने पवन से गाना गाने को कहा था तो पवन ने इनकार कर दिया। इसके बाद भीड़ में किसी ने पवन सिंह को पत्थर मार दिया, जो उनको लगा। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
नगरा थाना क्षेत्र के निकासी गांव में एक व्यक्ति ने अपने यहां मांगलिक कार्यक्रम रखा था। इसमें पवन सिंह, शिल्पी राज और अंजना सिंह को बुलाया गया था। पवन को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। इसके लिए आयोजकों ने प्रशासन से अनुमति ली थी। सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स, पीएसी लगाई गई थी।
पवन स्टेज पर पहुंचे तो भीड़ में से ही किसी ने जाति विशेष पर पवन द्वारा पूर्व में गाए गीत को गाने की फरमाइश कर दी। पवन ने गीत को गाने से मना कर दिया। इसके बाद पवन को लक्ष्य करके किसी ने पत्थर मारा। पत्थर पवन को लगा तो वे भी आगबबूला हो गये। माइक पर ही उन्होंने धमकी भरे लहजे में बोलना शुरू कर दिया। कुछ अप्रिय शब्द का भी प्रयोग किया।
इसके बाद ईंट पत्थर चलना शुरू हो गया। भीड़ में भगदड़ मच गई। भगदड़ को शांत करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठी पटक कर खदेड़ना शुरू कर दिया। भीड़ ने बैरकेडिंग के साथ कुर्सियों को भी तोड़ दिया। हालांकि कुछ घंटे बाद जब मामला शांत हुआ तो गायिका शिल्पी राज ने कार्यक्रम दोबारा शुरू कर दिया। फिर देर रात तक शिल्पी के गीतों का दर्शको ने आनंद लिया।
जाति विशेष वाला गाने की फरमाइश
पवन स्टेज पर पहुंचे तो भीड़ में से ही किसी ने पवन से पूर्व में गाए गीत को गाने की फरमाइश की। यह गाना एक जाति से जुड़ा बताया जा रहा है। पवन ने वह गाना गाने से मना कर दिया। बस इसी के बाद बवाल शुरू हो गया। भीड़ में से किसी ने पवन सिंह पर पत्थर चला दिया। पत्थर सीधे पवन सिंह के चेहरे पर कान और आंख के बीच में लगा। जरा सा भी आगे लगता तो आंखों में ज्यादा चोट आ सकती थी।
पत्थर लगते ही भड़के पवन सिंह
पत्थर लगते ही पबन सिंह भड़क गए। कहा कि ये कौन महानुभाव हैं जो भीड़ में छिपकर पत्थर मार रहा है। ये कौन दुश्मन है जिसने मुझे पत्थर से मारा है। बताओ चोट लग जाएगी तो कितने लोगों का पैसा फंस जाएगा, काम रुक जाएगा। इतनी भीड़ में सब चाहने वाले आए हैं ये कौन मेरा दुश्मन आया है। तुम्हारे अंदर अगर पावर है तो सामने आकर दिखाओ। छुपकर वार मत करो, ये लाखों की संख्या में पता नहीं चलेगा क्या हुआ और कहां चले गए। किसी के एक पत्थर से पवन को कोई रोक नहीं पाएगा, आज तक कोई रोक नहीं पाया है।
बवाल बढ़ा, पथराव किया, कुर्सियां तोड़ीं
पवन के स्टेज से भड़कते ही बवाल बढ़ गया। भीड़ ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दी। पथराव शुरू कर दिया। बैरिकेडिंग तोड़ दी। भगदड़ की स्थिति बन गई। तुरंत पुलिस और पीएसी ने मोर्चा संभाला। लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा। कुछ घंटों बाद जब मामला शांत हुआ तो गायिका शिल्पी राज ने स्टेज पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उन्होंने भीड़ को शांत कराया। हालांकि, पवन सिंह दोबारा स्टेज पर नहीं आए।