
अम्बिकापुर में संभागस्तरीय ओलम्पिक खेल कूद प्रतियोगिता से उपमुख्यमंत्री ने दूरी बना ली है। जिला प्रशासन के द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किये जाने पर कार्यक्रम में नहीं शामिल हुए। दरअसल कल शाम टीएस सिंह देव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। मीडिया प्रभारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ये जानकारी दी है। बता दें कि जिला प्रशासन संभागस्तरीय ओलंपिक खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। गांधी स्टेडियम में संभाग स्तरीय छग ओलंपिक प्रतियोगिता हो रहा है। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव जिला प्रशासन से बेहद नाराज हुए हैं। बार बार संदेश भेजे जाने के बाद भी जिला प्रशासन प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहा है। इस मामले पर डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि मान सम्मान से समझौता नहीं हो सकता। एक बार बोला, दो बार बोला, 10 बार बोला फिर भी जिला प्रशासन नहीं समझ रहा तो हम लोग इतने गैर सम्मान वाले लोग नहीं हैं। सिंहदेव ने आमंत्रण कार्ड में कांग्रेस के सीनियर पदाधिकारियों के नाम छापने में प्रोटोकॉल का पालन नहीं किये जाने का आरोप लगाया है। संभागस्तरीय ओलम्पिक प्रतियोगिता के लिए आमंत्रण कार्ड छपवाया गया था। जिसमें टीएस सिंह देव मुख्य अतिथि थे।