
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार के राज में किसानों को उनकी उपज की भरपूर कीमत मिल रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की फिर से सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ का किसान देश में सबसे समृ़द्ध किसान होगा। प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करने का मुख्यमंत्री का निर्णय ऐतिहासिक है। इस निर्णय से छत्तीसगढ़ का किसान अपने दाना-दाना धान की सबसे ज्यादा कीमत प्राप्त करेगा। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में किसान प्रति एकड़ 60000 रू. का धान बेचेगा, इससे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साबित कर दिया कि सही मायने में छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितैषी सरकार है। एक तरफ देश भर में खेती किसानी घाटे का सौदा हो गयी है। छत्तीसगढ़ में खेती करके किसान समृद्ध और खुशहाल हो रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आदतन किसान विरोधी भारतीय जनता पार्टी और केन्द्र की मोदी सरकार एक बार फिर से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को बाधित करने अडंगे डाल रही है। सीधे तौर पर धान खरीदी में केन्द्र का कोई योगदान नहीं होता। लेकिन केन्द्रीय पुल में चावल खरीदी में कटौती करके एक बार फिर से छत्तीसगढ़ के किसानो से बदला ले रही है। विगत 31 अगस्त को छत्तीसगढ़ से केन्द्रीय पुल में 86 लाख 50 हजार मीट्रिक टन चावल खरीदने का वादा केन्द्र की मोदी सरकार ने किया था, इसे अब घटाकर 61 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। पहले भी वर्ष 2020-21 में इसी तरह छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बरगलाने पर केन्द्र की मोदी सरकार ने केन्द्रीय पुल में 60 लाख मीट्रिक टन चावल खरीदी के लक्ष्य को घटाकर 24 लाख मीट्रिक टन कर दिया था। भाजपा कुछ भी कर ले छत्तीसगढ़ के किसानों का दाना-दाना धान की खरीदी होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की समस्या को गहराई से जानते और समझते हैं। इसलिए वे किसानों के भलाई के लिए अनेक कल्याणकारी योजना संचालित कर रहे है। सरकार गठन के साथ ही किसानों की कर्ज माफी कर बड़ी राहत दी गई। तत्पश्चात समर्थन मूल्य पर धान खरीदकर कृषकों को उनकी उपज का वास्तविक मूल्य दिलाया। साथ ही कोदो, कुटकी, रागी जैसे फसलों को भी समर्थन मूल्य पर खरीदी कर किसानों को और अधिक लाभ पहुँचा रहे है। 20 क्विन्टल प्रति एकड़ धान खरीदी होने से अब सभी किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान होते है। इस हेतु प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। जनहितकारी योजनाओं से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सीमा बढ़ाने से छोटे-बड़े सभी किसानों को लाभ होगा। किसानों के आय में वृद्धि होगी, उनका आर्थिक व सामाजिक विकास होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की कथनी, करनी का अंतर हमेशा से अलग रही। छत्तीसगढ़ में सरकार में रहते भाजपा ने वायदा किया कि धान का 2100 रूपये समर्थन मूल्य देंगे, नहीं दिया। 5 साल तक 300 रूपये बोनस देंगे, 5 साल नही दिया। धान का एक-एक दाना खरीदेंगे, नहीं खरीदा। 10 क्विंटल खरीद रहे थे कांग्रेस के विरोध के बाद बढ़ाया। 2014 के चुनाव के पहले मोदी ने वायदा किया था स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों लागू करेंगे लागत मूल्य का डेढ़ गूना समर्थन मूल्य देंगे, नहीं दिया। 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करेंगे। 2022 बीत गया किसानों की आय बढ़ने के बजाये घट गयी।