
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ब्रेक की स्थिति खत्म हो गई है। बादलों ने फिर से राहत देने की ठान ली है। इसका नजारा बुधवार को देखने को मिला। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में बादल एल बार फिर झूमकर बरसे। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर बारिश के संकेत के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया है कि मानसून द्रोणिका हिमालय की तराई में लगातार बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर- पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस सिस्टम के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में 4 सितंबर से व्यापक वर्षा होने की संभावना बन रही है।